IED ब्लास्ट में एक जवान शहीद, सीएम सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
रांची
झारखंड के लोहरदगा में दुंदरु जंगल के पास मंगलवार सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया। जिसमें सेरेंगदाग थाने में तैनात सैट के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान दुलेश्वर परास को तुरंत ही हेलीकॉप्टर से रांची स्थित खेलगांव के हेलीपैड लाया गया। फिर वहां से एंबुलेंस के जरिए मेडिका अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रांची में सीएम हेमंत सोरेन ने दी शहीद जवान को श्रद्धांजलि
आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवान दुलेश्वर पासवान को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जैप वन-1 ग्राउंड पहुंच कर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ-साथ मुख्य सचिव, डीजीपी समेत अन्य अधिकारियों ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शहीद जवान का पार्थिव शरीर गुमला जिले के पैतृक गांव भेजने की तैयारी की गई है।
IED ब्लास्ट में घायल होने के बाद लाया गया रांची, पर नहीं बच सकी जान
बताया जा रहा कि मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों की ओर से सुदूरवर्ती सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों के सड़क में बिछाए गए आईईडी ब्लास्ट में सैट जवान दुलेश्वर परास का एक पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना के बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने दुंदरु मैदान की घेराबंदी करते हुए जवान को वहां पर सुरक्षित निकाला। उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया। बाद में हेलीकॉप्टर रांची लाया गया, लेकिन खून काफी बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पाठको की राय